बलिया । के पूर्व मंत्री, समाजवादी चिंतक और डॉ. राममनोहर लोहिया के अनुयायी रहे पंडित काशी नाथ मिश्र की जन्म शताब्दी पर मंगलवार को बापू भवन टाउन हॉल में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार शीतल पी. सिंह मुख्य अतिथि रहे।

मुख्य अतिथि शीतल पी. सिंह ने कहा कि देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है। एक ओर बड़ी आबादी आज भी मुफ्त राशन पर निर्भर है, वहीं दूसरी ओर बड़े उद्योगपति विदेशों में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवाद, समानता, शिक्षा के अधिकार और गरीबों के अधिकारों की रक्षा लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

अध्यक्षीय संबोधन में उमाशंकर पाठक ने कहा कि बढ़ती आर्थिक विषमता और शिक्षा के निजीकरण से गरीब एवं वंचित वर्गों के बच्चों के लिए शिक्षा कठिन होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पंडित काशी नाथ मिश्र को सच्ची श्रद्धांजलि समानता, सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना है।
समारोह में कांग्रेस नेताओं, समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार पंडित काशी नाथ मिश्र के छोटे पुत्र विजय मिश्र ने व्यक्त किया।










