वाराणसी । में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में 30 जून 2026 को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माह जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी सहित कुल 18 कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। वर्षों तक संगठन की सेवा में समर्पित इन कर्मयोगियों को बरेका परिवार द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह में डी.ई.ई./एम. गुलाम सरवर सहित वरिष्ठ अकाउंटेंट अशोक कुमार भारतीय, प्रकाश चन्द्र भारती, मुख्य कार्यालय अधीक्षक बी.एन. मीना एवं रोहित कुमार शर्मा, विभिन्न तकनीकी शाखाओं के एस.एस.ई., वरिष्ठ तकनीशियन, कनिष्ठ अभियंता एवं कुक श्रीमती सेरून निशा समेत सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न एवं फोल्डर भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों के योगदान को बरेका की प्रगति की आधारशिला बताया। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों का अनुभव संगठन की अमूल्य धरोहर है।

बरेका केंद्रीय चिकित्सालय के डॉ. अब्दुल माबूद ने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव दिए। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बरेका को परिवार के समान बताया और भावुक होकर सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।







