मिर्जापुर । उत्तर वैश्य महासम्मेलन युवा द्वारा कृष्णा पैलेस, मिर्जापुर में महान दानवीर, राष्ट्रभक्त एवं मेवाड़ के गौरव भामाशाह की जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा जिला अध्यक्ष मयंक गुप्ता ने की, जबकि संचालन एवं संयोजन प्रदेश महामंत्री अनुज उमर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपना धन और जीवन राष्ट्रहित में समर्पित कर सच्ची देशभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
वक्ताओं ने वर्तमान समय में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, समाज को संगठित करने तथा विभिन्न वर्गों में बंटे समाज को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता और सशक्त नेतृत्व विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। युवाओं से समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।

इस अवसर पर शैलेंद्र अग्रहरि, शत्रुधन केशरी, दीपचंद गुप्ता, मुकेश साहू, शिखा अग्रवाल (संस्थापक, राष्ट्रवादी मंच), नगर पालिका परिषद के प्रत्याशी मनोज श्रीवास्तव सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भामाशाह के आदर्शों पर चलने, समाज में शिक्षा, संगठन, सामाजिक एकता तथा राजनीतिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने भामाशाह के जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया।







