वाराणसी । 20 मार्च 2026: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत भटनी एवं सलेमपुर रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ भटनी-मऊ रेल खंड के अंतर्गत चल रहे दोहरीकरण कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भटनी जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म सतह, यात्री शेड विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, फसाड सुधार, पोर्च निर्माण तथा ग्रीन पार्क विकास जैसे कार्यों का अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, रेलवे कर्मचारियों के लिए भटनी स्थित “मनोरंजन कक्ष” के जीर्णोद्धार हेतु कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए इसे वर्तमान स्थान से हटाकर पुराने आरआरआई भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने एकीकृत क्रू रनिंग रूम, यार्ड में पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग, समपार फाटक संख्या 116 स्पेशल का संरक्षा निरीक्षण किया तथा गेटमैन के सुरक्षा ज्ञान का परीक्षण भी किया।

रेलवे सुरक्षा बल बैरक एवं आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण कर कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की समस्याओं की जानकारी ली।इसके उपरांत श्री जैन ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर भी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। यहां उन्होंने प्लेटफार्म, फसाड, पार्किंग, प्रतीक्षालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

सलेमपुर-लार रोड के बीच चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयसीमा का मूल्यांकन किया। उन्होंने ट्रैक बिछाने, पुल-पुलियों के निर्माण तथा सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और कार्यों को सुरक्षित व समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







