वाराणसी ।21 मार्च 2026। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन की प्रेरणा से गाजीपुर सिटी स्टेशन के निकट स्थित रेलवे कॉलोनी में एक सराहनीय पहल के तहत खाली पड़ी भूमि को विकसित कर सुंदर हरित पार्क का रूप दिया गया है। इस कार्य को वाराणसी मंडल के इंजीनियरिंग विभाग ने पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया है।

टीआरडी रेलवे कॉलोनी के पास बनाए गए इस पार्क के निर्माण में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) श्री विनीत कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर (बलिया) श्री धर्मेंद्र कुमार केन तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (गाजीपुर सिटी) श्री कमलेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।

उनके प्रयासों से यह क्षेत्र, जो पहले अनुपयोगी और उपेक्षित था, अब एक आकर्षक और उपयोगी स्थल में बदल गया है।यह हरित पार्क विशेष रूप से बच्चों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। बच्चों के लिए झूले, स्लाइडर, ट्रिपल ट्विस्टर जैसे कई आधुनिक खेल उपकरण लगाए गए हैं, जिससे वे सुरक्षित वातावरण में खेल सकें।

वहीं, कर्मचारियों और बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग ट्रैक की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।पार्क में विभिन्न प्रकार के फूलों और सजावटी पौधों का रोपण किया गया है, जिससे इसकी सुंदरता और भी बढ़ गई है।

हरियाली से भरपूर यह पार्क न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेगा, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी प्रदान करेगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पार्क रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार है। उन्होंने आशा जताई कि यह पार्क बच्चों को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण देगा, साथ ही कॉलोनी के लोगों के लिए एक नई पहचान बनेगा।

उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले सभी कर्मचारियों और निवासियों से अपील की कि वे इस पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव का विशेष ध्यान रखें। सामूहिक जिम्मेदारी से ही इस सुंदर स्थल को लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी बनाए रखा जा सकता है।








