वाराणसी । ईद और चैत्र नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने विभिन्न थाना क्षेत्रों—आदमपुर, रामनगर, सिगरा, भेलूपुर, कैंट और मण्डुवाडीह—का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नमाज़ स्थलों, मंदिर परिसरों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रभावी बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों का निर्धारण तथा आवश्यकता अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, ईद की नमाज़ के दौरान मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया गया। पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे ड्यूटी के दौरान विनम्रता और संयम बनाए रखें तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करें।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस की विशेष निगरानी रही। साथ ही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत जानकारियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और प्रभावी प्रबंधन के चलते वाराणसी में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न स्थानों पर नमाज़ अदा की, जबकि नवरात्रि के दौरान भी श्रद्धालुओं ने मंदिरों में सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया।
पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस को दें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।
प्रशासन ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग, संयम और आपसी सौहार्द से सभी पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न होते रहेंगे।








