Search
Close this search box.

वाराणसी में यू.पी. कॉलेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी मंजीत चौहान गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस

वाराणसी । शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित यू.पी. कॉलेज परिसर में हुए छात्र सूर्यप्रताप सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम (शिवपुर पुलिस एवं एसओजी) ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को शनिवार भोर में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखे भी बरामद किए हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपी मंजीत चौहान (20 वर्ष), निवासी चांदमारी, बड़ालालपुर ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह और उसके साथियों द्वारा उसे लगातार रैगिंग के नाम पर प्रताड़ित किया जाता था।

आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन भी कॉलेज परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से और आपसी रंजिश के चलते मंजीत ने अपने साथी अनुज सिंह के साथ मिलकर प्रशासनिक भवन के पास सूर्यप्रताप सिंह पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि घटना के बाद फरार होने के दौरान आरोपी छत से कूदने के कारण घायल हो गया था और इलाज के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 अवैध पिस्टल, 01 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), 04 खोखा कारतूस और 01 बुलेट बरामद की है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी अनुज सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, अनिकेत श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी लवकुश कुमार, आरक्षी किशन सोनकर सहित एसओजी और फील्ड यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें