मीरजापुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

यह अभियान वासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस 19 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 30 दिनों तक चलाया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद की महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम एवं अन्य पुलिस अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण कर रहे हैं।

इस दौरान चौराहों, बाजारों, मंदिरों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज तथा गांवों में जाकर महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।

अभियान के तहत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।

साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न और ऑपरेशन मुक्ति जैसे विषयों पर भी जागरूक किया जा रहा है।छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया जा रहा है तथा किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों या पुलिस को तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के उपायों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
लोगों को बताया गया कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और अपने व्यक्तिगत व बैंकिंग विवरण किसी के साथ साझा न करें। साथ ही मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने और फ्री वाई-फाई से बचने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त 1090, 181, 112, 1098, 102, 108, और 1076, जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।








