Search
Close this search box.

मीरजापुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, शिक्षकों व विद्यालयों को किया गया सम्मानित

मीरजापुर। 01 अप्रैल 2026। जनपद में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक चलने वाले प्रथम चरण के ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल तथा जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर विगत सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले 10 विद्यालयों तथा निपुण लक्ष्य प्राप्त करने वाले 375 विद्यालयों में से चयनित 100 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों ने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर समाप्त हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली ने कहा कि विद्यालय खुलने से बच्चों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक अपने छात्रों को स्वयं से भी अधिक योग्य बनाने का प्रयास करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार द्वारा शिक्षकों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर हो रहा है।

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना है, जो देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। वहीं विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने शिक्षा व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना की।

विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि विधायक रिंकी कोल ने बच्चों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें