Search
Close this search box.

जमुआ ग्रामसभा में दोबारा कूड़ा डंपिंग का विरोध, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बलिया। 04 अगस्त ग्रामसभा जमुआ की घनी आबादी, छठ पूजा स्थल तथा ग्रामदेव धारिक्षण दास की कुटी मंदिर के समीप दोबारा कूड़ा डंप किए जाने के विरोध में छात्र नेता रमेश गिरि ‘गुरु’ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने जांच कर इस स्थान पर कूड़ा डंपिंग बंद करा दी थी, लेकिन अब फिर से उसी स्थल पर कूड़ा डाला जा रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और जनस्वास्थ्य, पर्यावरण तथा धार्मिक आस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की कि तत्काल कूड़ा डंपिंग पर रोक लगाई जाए, दोबारा डंपिंग शुरू होने के आदेश की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भविष्य में आबादी और धार्मिक स्थलों के पास कूड़ा न गिराने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

छात्र नेता रमेश गिरि ‘गुरु’ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामवासी लोकतांत्रिक और विधिसम्मत तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान राज किशोर ठाकुर, विक्की सिंह, आशीष पांडेय, रंजन गिरि, शुभम माली, प्रकाश गुप्ता, विकास पासवान, अमन गिरि सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें