गाजीपुर। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में 24 वर्षों तक देश सेवा के बाद हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त होकर गृह क्षेत्र लौटे अनिल कुमार यादव का मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और भारत माता के जयघोष के बीच निकली स्वागत यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही।
अमर शहीद शेषनाथ यादव पार्क, धामुपुर से खुली जीप में निकले अनिल कुमार यादव का काफिला नंदगंज बाजार होते हुए उनके पैतृक गांव दवोपुर बगही पहुंचा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
तिरंगा झंडों से सजे वाहनों के साथ चल रहे काफिले में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल रहे।अनिल कुमार यादव ने सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने 24 वर्षों तक समर्पण और ईमानदारी से देश की सेवा कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। लोगों ने उनकी सेवाओं को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








