गाजीपुर। जनपद में मंगलवार को रजत कुमार पांडेय ने नए ड्रग इंस्पेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही पिछले माह से रिक्त चल रहे इस महत्वपूर्ण पद पर नियमित नियुक्ति हो गई। पूर्व ड्रग इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार मौर्या के स्थानांतरण के बाद यह पद खाली था, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में कठिनाइयों की आशंका बनी हुई थी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी, गाज़ीपुर के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सोसायटी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में दवा व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा तथा विभाग और दवा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
व्यापारियों ने कहा कि दवा गुणवत्ता की निगरानी, औषधि अधिनियम का प्रभावी अनुपालन और जनहित से जुड़े मामलों में ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रजत कुमार पांडेय के कार्यकाल में विभागीय कार्यों में गति आएगी तथा दवा कारोबारियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग मिलेगा।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








