मिर्जापुर । 42वीं वाहिनी पीएसी, नैनी प्रयागराज के बाढ़ राहत दल की सतर्कता और साहस से मंगलवार को एक 23 वर्षीय युवती की जान बच गई। बरियाघाट पर श्रावण (कांवड़) मेला एवं बाढ़ राहत ड्यूटी के दौरान युवती ने कथित रूप से आत्महत्या के उद्देश्य से गंगा नदी में छलांग लगा दी।
मौके पर तैनात आरक्षी दिनेश कुमार और आरक्षी पवन यादव ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद युवती को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बचाई गई युवती की पहचान श्याम बहादुर की 23 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई, जो वासलीगंज चौकी क्षेत्र के भटवा की पोखरी की निवासी है। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों जवानों की बहादुरी, त्वरित कार्रवाई और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। समाचार लिखे जाने तक युवती द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका।
रिपोर्टिंग बसंत कुमार गुप्ता।








