गाजीपुर। नंदगंज। नए शैक्षणिक सत्र 2026 के पहले दिन द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी गांव में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।

स्कूल स्टाफ ने बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।सुबह से ही विद्यालय में चहल-पहल बनी रही। नन्हे-मुन्ने बच्चे अपने अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे और नए सत्र की शुरुआत की।

स्वागत गीत, रंगीन सजावट और विशेष व्यवस्थाओं ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। अभिभावकों में भी संतोष और खुशी का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।विद्यालय की प्रिंसिपल पूनीता सिंह ने कहा कि नया सत्र विद्यार्थियों के लिए नई ऊर्जा और संकल्प लेकर आता है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना है। आधुनिक शिक्षण पद्धति, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के जरिए छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय ने महज चार वर्षों में ही जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई है। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणामों के साथ-साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल और ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी यहां बेहतर तरीके से कराई जाती है।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराते हुए यह विद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









