ग्रामीण अंचलो से लेकर जिला मुख्यालय तक भव्य रूप में मनाई जाए बाबा साहब डाॅ अम्बेडकर की जयंती, राष्ट्र के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक है हमारे महापुरूष -पवन कुमार गंगवार
मीरजापुर, 10 अप्रैल 2026: आगामी 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डाॅ भीमराव अम्बेडकर जी के 136वीं जयंती को जनपद में भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी अधिकारियों, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यो एवं स्वंय संगठनों के साथ बैठक कर तैयारियों के सम्बंध में दिशा निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत के हमारे महापुरूष/पूर्वज महत्वपूर्ण प्रतीक है। महापुरूषो की लगाई गई सार्वजनिक स्मृति, सामाजिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय एवं स्थानीय योगदानकर्ताओ के प्रति सम्मान प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता के शिल्पी डाॅ भीमराव अम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल 2026 को पूरे जनपद में धूमधाम व सुव्यवस्थित एवं शान्तिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। ग्राम पंचायतों, नगर निकायो सहित सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयो मे डाॅ अम्बेडकर की जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम चित्र प्रदर्शनी व अन्य कार्यक्रम कराए जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक व बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा सभी शिक्षण संस्थाओ मे प्रभात फेरी का आयोजन, चित्र कला प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, संगोष्ठी आदि कार्यक्रम कराए जाएगा। स्थानीय घंटाघर में पूर्व की भांति नगर पालिका परिषद मीरजापुर के द्वारा काव्य पाठ का आयोजन कराए जाए। इसके लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर के सभी व्यवस्थाएं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतो, विकास खण्डो पर आयोजित कार्यक्रमो में मा0 जनप्रतिनिधिगण को भी आमंत्रित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी अम्बेडकर पार्को मे सुरक्षा, साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। प्रमुख स्थानों पर विशेष सजावट की व्यवस्था व निकाली जाने वाली शोभा यात्राओं के आयोजको से सम्पर्क स्थापित कर रूट चार्ट लेते हुए यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षाबलो की तैनाती व भीड़ प्रबंधन के इतजाम भी पुलिस विभाग द्वारा किया जाए।
एम्बुलेंस व फायदर बिग्रेड की व्यवस्था प्रमुख स्थानों पर की जाए। प्रमुख आयोजन स्थलो पर गर्मी को देखते हुए पेयजल व छाया की व्यवस्था के इंतजाम सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए। आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी व सभी नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियो को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विधानसभाओं में 10-10 अम्बेडकर स्मारको/पार्को का चिन्हाकंन करते हुए सुरक्षा व सुदृढ़ीकरण कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 देवेन्द्र प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट अंशुल हिन्दल, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव सहित सभी विभागो के अधिकारी उपस्थित रहें।









