सोनभद्र । बभनी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत निवासी बरगवां, सिंगरौली के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मनोज साकेत को भी मौके से दबोच लिया गया। दोनों आरोपी 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार को रोककर चाकू से हमला करने और सोने-चांदी के आभूषण व करीब 40 हजार रुपये नकद लूटने की वारदात में शामिल थे।

शनिवार तड़के पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक गिर गई और आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रमेश घायल हो गया। पुलिस ने मौके से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखे, लूट में प्रयुक्त बाइक और 12,200 रुपये बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मनोज पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रमेश पर हत्या और लूट के मामले हैं। फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।







