बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पोस्ट गोनिया छपरा निवासी अंजलि शाह पुत्री तारकेश्वर गोंड का चयन बैरिया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में हुआ है, लेकिन जाति प्रमाण पत्र जारी न होने के कारण उनका प्रवेश अटक गया है। इस समस्या को लेकर अंजलि शाह और उनके परिजनों ने जिलाधिकारी बलिया को पत्रक सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने बताया कि अंजलि का चयन सरकारी पॉलिटेक्निक में हुआ है और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक है। प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण छात्रा का भविष्य अधर में लटक गया है। परिजनों और सगे-संबंधियों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि अंजलि का जाति प्रमाण पत्र दो-तीन दिनों के भीतर जारी करा दिया जाएगा, ताकि उसका प्रवेश समय से हो सके।
परिजनों ने जिलाधिकारी के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही प्रमाण पत्र जारी होने के बाद अंजलि का पॉलिटेक्निक में दाखिला सुनिश्चित हो जाएगा।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







