सोनभद्र । 25 जुलाई बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का सोनभद्र पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ₹12,200 नकद बरामद किया है।
18 जुलाई को व्यापारी से हुई लुट
पुलिस के अनुसार, ग्राम चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। इसी दौरान शीशटोला जंगल में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषण व करीब ₹40 हजार नकद से भरा बैग लूट लिया था।
पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
25 जुलाई की तड़के बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम शीशटोला जंगल में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक गिर गई और दोनों झाड़ियों की ओर भागे। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत निवासी सिंगरौली के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके साथी मनोज साकेत को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
चार साथियों ने मिलकर की वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, मनोज साकेत ने घटना की रेकी की थी। लूट की रकम चारों साथियों में बांटी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने रखा है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।








