Search
Close this search box.

पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आप कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न

बलिया । जनपद के आम आदमी पार्टी के रसड़ा स्थित चंद्रशेखर आजाद चौराहा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली में अपनी न्यायसंगत एवं शैक्षणिक मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा किए गए कथित अमानवीय लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग और बल प्रयोग की कड़े शब्दों में निंदा की गई।

जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और परीक्षा में हुई अनियमितताओं तथा पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक एवं छात्र का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद स्थापित करने के बजाय युवाओं की आवाज दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है और पुलिस बल का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं संवेदनशील जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी देशव्यापी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। बैठक में मंडल मीडिया प्रभारी अनमोल तिवारी, बबलू राजभर, सुनील कुमार, प्रहलाद गुप्ता, कामदेव राजभर, सूरज राजभर, विष्णु राजभर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें