गाजीपुर । जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर गांव में शुक्रवार सुबह गंगा नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कृष्णा बिंद (साढ़े तीन वर्ष) और प्रिया बिंद (5 वर्ष), दोनों संतोष बिंद की संतान, के रूप में हुई है। बताया गया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे दोनों बच्चे खेलते-घूमते गंगा किनारे पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें वापस भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे फिर नदी किनारे चले गए और पानी में उतर गए। दूर खड़े एक व्यक्ति ने बच्चों को डूबते देखा और शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची करंडा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








