कानपुर । नगर के सुतरखाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिद्धि विनायक मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर में स्थापित सात देव प्रतिमाओं के मुकुट चोरी कर लिए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति सुबह करीब 09:45 बजे मंदिर में प्रवेश करता और 09:56 बजे बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया। आशंका जताई जा रही है कि उसी व्यक्ति ने करीब 600 ग्राम वजनी सात मुकुट चोरी किए हैं।
मंदिर प्रबंधन की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज और आईटीएमएस की मदद से आरोपी की पहचान में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।











