Search
Close this search box.

वाराणसी में तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार युवक गंभीर घायल, चालक फरार

वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र में अकेलवा-तितखोरी मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार एक युवक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अकेलवा से बनकट फाटक की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसी दिशा में जा रहे साइकिल सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उन पर भी कार चढ़ाने की कोशिश की और तेज गति से अकेलवा की ओर फरार हो गया।

घायल युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। स्थानीय लोगों ने कार का आंशिक नंबर नोट करने की कोशिश की, हालांकि पूरा नंबर दर्ज नहीं हो सका।

फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें