वाराणसी। वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित पठानी टोला इलाके में आतंकियों को फंडिंग के शक में यूपी एटीएस, मुंबई एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरिफ अंसारी के घर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मोबाइल, लैपटॉप और प्रिंटर समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किए। साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई, खासकर उनके 20 वर्षीय बेटे अबु बकर से, जो नीट की तैयारी कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन, पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों और कश्मीर से संबंधित कुछ संदिग्ध हैंडल्स के साथ चैटिंग के इनपुट सामने आए हैं। हालांकि इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 10 अप्रैल को लखनऊ में पकड़े गए चार संदिग्धों से मिले इनपुट के आधार पर की गई, जिनके तार आतंकी संगठनों और आईएसआई से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल एजेंसियां जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों, कॉल डिटेल्स और बैंक ट्रांजैक्शनों की गहन जांच में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।









