राजातालाब । तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, चक रोड, बंजर भूमि व सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा, निजी भूमि के नामांतरण में गड़बड़ी, त्रुटिपूर्ण अभिलेख, खाद्य आपूर्ति, पेयजल, बिजली आपूर्ति तथा स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं।

बेनीपुर गांव की लक्ष्मीना ने वरासत निरस्त किए जाने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम ने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाई। वहीं नगर पंचायत गंगापुर के बिहारी लाल ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की समस्या उठाई। मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव के कोटाधारक बैजनाथ सिंह पटेल ने चौथी बार प्रार्थना पत्र देकर दुकान मरम्मत व सरकारी दर अंकित कराने की मांग की।
डोमैला गांव के अरुण कुमार पांडेय ने सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत की। समाधान दिवस में कुल 251 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अंत में एसडीएम ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








