बलिया । जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन और बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी यातायात के निकट पर्यवेक्षण में चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी अनवर अली खान के नेतृत्व में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 3 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।

इसके साथ ही एमवी एक्ट के तहत 240 वाहनों का चालान कर कुल 4,85,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के बढ़ते उपयोग पर नियंत्रण के उद्देश्य से दो दिनों तक चलाया गया। पुलिस के अनुसार, इस तरह के उपकरणों से उत्पन्न तेज ध्वनि न केवल आमजन के स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए हानिकारक है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है।

यातायात प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और अनावश्यक शोर फैलाने वाले उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी।
पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
,,,,,,, सड़क पर सावधानी,,, घर में खुशहाली,,,,,
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









