बलिया। जनपद के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में परशुराम सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान परशुराम की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ब्राह्मण समाज के सम्मानित एवं प्रतिष्ठित लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया गया, जिसके बाद भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए गए।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के लोगों में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर एकत्र हुए और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में भगवान परशुराम को विशेष सम्मान दिया था।

विशिष्ट अतिथियों में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक, समाजवादी पार्टी के अरविंद गिरी, आम आदमी पार्टी के अजय राय मुन्ना, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता अधिवक्ता अमरनाथ राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने किया। समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोगों की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









