वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला स्थित सक्का घाट पर रविवार देर रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। माला-फूल की दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 18 वर्षीय नीरज केवट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और लात-घूंसे चले। इसी दौरान नीरज के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।








