वाराणसी। 22 अप्रैल 2026। वार्षिक पोषण जागरूकता अभियान 2026 के तहत मनाए जा रहे पोषण पखवाड़ा (9 से 23 अप्रैल) के अंतर्गत वाराणसी मंडल चिकित्सालय द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे जूनियर हाई स्कूल में बच्चों के लिए जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 58 बच्चों ने भाग लिया, जहां उन्हें कुपोषण से बचाव, स्वस्थ आदतों को अपनाने और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कुपोषण केवल कम वजन तक सीमित नहीं, बल्कि अधिक वजन और मोटापा भी इसका हिस्सा है। उन्होंने बच्चों को जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक से दूरी बनाकर फल, जूस, लस्सी, छाछ और अन्य डेयरी उत्पादों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली पर जोर दिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.आर. सिंह ने पोषण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए महत्वपूर्ण है। पोषण पखवाड़ा जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ भारत की दिशा में अहम कदम साबित हो रहा है।









