वाराणसी । 22 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में बनारस–हरदत्तपुर रेल खंड पर विशेष “बस रेड” टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। हरदत्तपुर स्टेशन को आधार बनाकर चलाए गए इस अभियान में चौरीचौरा एक्सप्रेस, ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एवं मेमू ट्रेनों सहित कई गाड़ियों में किलाबंदी कर सघन जांच की गई।

टिकट जांच दल में 17 कर्मचारियों और 7 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भाग लिया। अभियान के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 170 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹58,540 का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा 15 यात्रियों को जुर्माना न देने पर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 11 ने जुर्माना अदा कर दिया, जबकि 4 यात्रियों को ट्रायल के लिए भेजा गया।
इस कार्रवाई के दौरान स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।









