Search
Close this search box.

वाराणसी को 196.50 करोड़ की विकास सौगात: पीएम नरेंद्र मोदी ने परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

वाराणसी। में मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नरेंद्र मोदी ने शहर के विकास को नई गति देते हुए नगर निगम से जुड़ी 196.50 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बरेका से वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में 182.23 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 14.27 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

प्रधानमंत्री ने 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक नगर निगम सदन भवन की आधारशिला रखी, जिससे भविष्य में प्रशासनिक कार्य और जनसुनवाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और सुगम होगी। इसके साथ ही काशी के पौराणिक कुंडों और तालाबों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है। पांच कुंडों और आठ तालाबों के कायाकल्प के लिए 21.33 करोड़ रुपये तथा अन्य आठ जलाशयों के जीर्णोद्धार के लिए 2.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।

स्वच्छता व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए 53.15 करोड़ और छह नए ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण हेतु 22.27 करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू की गईं। साथ ही, नव-विस्तारित 25 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए 150 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इसके अतिरिक्त भोजूबीर क्षेत्र में 3.98 करोड़ रुपये की लागत से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा पिसौर में 4.70 करोड़ रुपये से निर्मित कल्याण मंडप का भी लोकार्पण किया गया। नगर निगम मुख्यालय में प्रधानमंत्री के संबोधन को लाइव देखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इन परियोजनाओं से वाराणसी में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें