हरदोई । में एक निजी स्कूल में महिला अभिभावक के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पीड़िता नीलम वर्मा की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना 24 अप्रैल की बताई जा रही है, जब नीलम वर्मा अपनी बेटी के संबंध में स्कूल पहुंची थीं।
आरोप है कि स्कूल में उनसे प्रतियां खरीदने को लेकर आर्थिक दबाव बनाया गया। जब उन्होंने कुछ समय मांगा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कथित रूप से अपशब्द व जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। इस पूरी घटना का वीडियो 26 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो सामने आते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की और स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर स्कूल प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, स्कूल प्रबंधक ममता मिश्रा के परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।








