वाराणसी । मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को सीवान, एकमा और छपरा स्टेशनों को आधार बनाकर सीवान–छपरा रेलखंड पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान 75103 छपरा–सीवान सवारी गाड़ी और 75204 सीवान–छपरा डेमू सहित कई ट्रेनों में किलाबंदी कर टिकट जांच की गई। अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर, सईद अख्तर समेत कुल 7 टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।

चेकिंग के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 122 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे कुल ₹32,930 का जुर्माना वसूल किया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अभियान के चलते स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशनों व ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें।








