वाराणसी । जनपद के वरुणा जोन स्थित चोलापुर थाना क्षेत्र के ढेरही टोल प्लाजा पर स्थानीय ग्रामीणों और टोल प्रबंधन के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार शांत हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया। उनकी तत्परता और निष्पक्ष कार्रवाई से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल सामान्य हो गया।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दानगंज और आसपास के चिन्हित गांवों के स्थानीय नागरिक पहले की तरह शून्य बैलेंस यानी निशुल्क पास बनवाकर टोल प्लाजा से आवागमन कर सकेंगे। टोल प्रबंधन की ओर से शिकायत की गई थी कि कुछ बाहरी लोग फर्जी पहचान पत्र के माध्यम से स्थानीय निवासी बनकर मुफ्त सुविधा का लाभ उठा रहे थे, जिसके कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी।
प्रशासन द्वारा अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए वैध निशुल्क पास को अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक ग्रामीणों को सुविधा मिल सके। आईपीएस मानसी दहिया की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्रीय जनता खुलकर सराहना कर रही है।








