Search
Close this search box.

बनारस स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले 6 किन्नर पकड़े गए

वाराणसी । 04 जुलाई रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बनारस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 पर गाड़ी संख्या 22178 महानगरी एक्सप्रेस एवं 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों से अवैध रूप से धन वसूलने और उपद्रव करने के आरोप में छह किन्नरों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार लोगों की पहचान पूजा चौधरी, पल्लवी गुप्ता, लवली, शालू, मोहिनी दुबे और चंचल के रूप में हुई। इनके विरुद्ध जन विश्वास अधिनियम के तहत संशोधित रेल अधिनियम की धारा 145 एवं 146 में कार्रवाई की गई। जुर्माना जमा न करने पर क्राइम संख्या 423/26 से 428/26 तक मुकदमे दर्ज किए गए। बाद में नियमानुसार जमानत पर रिहा कर उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, रेलवे परिसर में बिना वैध अनुमति प्रवेश करने वाले पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 147 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक से 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध वसूली की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ कर्मी को दें।

Leave a Comment

और पढ़ें