बलिया । रसड़ा नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर में दशम एवं द्वादश बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से अक्षत सोनी, अनुपम देव सिंह, न्यासा कुशवाहा एवं स्वास्तिक मिश्रा को ₹5100 का चेक एवं स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कई अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं विभाग कुटुंब प्रबोधन प्रमुख डॉ. रामकुमार तिवारी ने की। मुख्य अतिथि रवि कुमार तथा विशिष्ट अतिथि विनय जायसवाल रहे। मुख्य अतिथि रवि कुमार ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और संस्कार ही सफलता की वास्तविक पूंजी हैं। वहीं विनय जायसवाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रामकुमार तिवारी ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय चरित्रवान एवं राष्ट्रनिष्ठ नागरिक तैयार करने का कार्य कर रहे हैं।

मेधावी छात्रों अनुपम देव सिंह एवं अक्षय सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और अभिभावकों को दिया। अभिभावकों ने विद्यालय के संस्कारयुक्त वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की। प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे अभिभावकों के त्याग, मार्गदर्शन तथा आचार्यों के अथक परिश्रम का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम का संचालन सोनी सिंह ने किया तथा परीक्षा प्रमुख सुमंत ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







