बलिया । रसड़ा उप कृषि निदेशक बलिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कृषि स्नातकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश और कृषि प्रसार सेवाएं देने के उद्देश्य से प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, वानिकी, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, पशुचिकित्सा एवं मुर्गी पालन आदि में डिग्री प्राप्त बेरोजगार युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी का विश्वविद्यालय आईसीएआर या यूजीसी से मान्यता प्राप्त होना आवश्यक है। आवेदनकर्ता की आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति एवं महिलाओं को अधिकतम पांच वर्ष की छूट दी जाएगी। चयन प्रक्रिया जिलाधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी कृषि विभाग की वेबसाइट agriculture.up.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है तथा आवेदन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। योजना की विस्तृत जानकारी उप कृषि निदेशक कार्यालय या तहसील स्तरीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








