गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र एवं उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर खास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त थाना नंदगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 150/2024 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित वांछित था।
पुलिस के अनुसार विशाल यादव उर्फ बिटानू पुत्र विजय यादव निवासी बेहड़ा चौरे थाना केराकत जनपद जौनपुर को थाना नंदगंज क्षेत्र के पहलवानपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। अभियुक्त की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभियुक्त का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जौनपुर जनपद के थाना केराकत में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में भी उसके खिलाफ मामले पंजीकृत हैं। वहीं गाजीपुर के थाना नंदगंज में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
अभियुक्त पर दर्ज प्रमुख मामलों में धारा 323, 504, 506 भादवि, धारा 147, 363, 366, 376, 506 एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा बीएनएस की धाराओं 351(2), 352, 87, 103(1), 190, 191(2), 191(3) और 61(2) के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में नंदगंज पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उमेश यादव रिपोर्टिंग गाजीपुर।








