बलिया । जिले में प्रस्तावित जिला जेल निर्माण परियोजना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि जिला जेल के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण और सीमांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर सहित पूरी राजस्व टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने राजस्व ग्राम नारायणपाली, घोसवाटी और खड़ीचा में चयनित भूमि के सभी कोनों का सत्यापन कर सीमास्तंभ लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सीमास्तंभ स्थापित करने का कार्य कल से प्रारंभ होगा।
प्रशासन ने बताया कि जिला जेल निर्माण के लिए कुल 25.286 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी, जिसमें 1.303 हेक्टेयर सरकारी भूमि भी शामिल है। प्रस्तावित भूमि के क्रय पर लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमि खरीद की जिम्मेदारी जेल अधीक्षक को सौंपी गई है ताकि प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके।

इसके साथ ही परियोजना से प्रभावित चार परिवारों के पुनर्वास की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने इन परिवारों को आवासीय पट्टा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उपजिलाधिकारी सदर को दो दिनों के भीतर संबंधित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला जेल निर्माण के लिए अब तक 24 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। धन उपलब्ध होने से निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर जिले को जल्द नई जिला जेल की सौगात दी जाएगी।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








