गाजीपुर । समाजवादी पार्टी महिला सभा की ओर से आयोजित होने वाली 11 दिवसीय समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा की संयोजक पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने सोमवार को गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें यात्रा के शुभारंभ का आमंत्रण दिया।

सांसद ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने की सहमति प्रदान की पुनीता सिंह ने बताया कि समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा का उद्देश्य समाज में भाईचारा, सामाजिक न्याय और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के बीच जनजागरण अभियान को मजबूत करना है। यात्रा के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता करेंगे 11 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में प्रतिदिन जिले के सभी समाजवादी विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, ब्लॉक प्रमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे भव्य, ऐतिहासिक और जनसंपर्क आधारित अभियान के रूप में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
यात्रा के प्रभारी सुजीत ‘साइकिल’ ने कहा कि यह केवल साइकिल यात्रा नहीं बल्कि सामाजिक चेतना और परिवर्तन का अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में बदलाव लाना है तो समाजवादी विचारधारा को घर-घर पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पीडीए समाज को एकजुट कर समाजवादी पार्टी को मजबूत करना और अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाना है।
सपा नेताओं के अनुसार यह यात्रा विभिन्न गांवों, कस्बों और प्रमुख बाजारों से होकर गुजरेगी, जहां आमजन से संवाद, जनसंपर्क और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। पार्टी का दावा है कि यात्रा के माध्यम से युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत जनाधार तैयार हो सके।
रिपोर्टिंग गाजीपुर उमेश यादव।







