राजातालाब । क्षेत्र स्थित पंचकोशी यात्रा के दूसरे पड़ाव भीमचंडी धर्मशाला नंबर-4 में उस समय भक्ति और सेवा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब कैलाश मठ चैरिटेबल ट्रस्ट काशी के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरी अपने सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों के साथ विश्राम हेतु पहुंचे। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर निकली इस पावन पदयात्रा में भक्तों के लिए भोजन, विश्राम और सेवा की व्यापक व्यवस्था की गई।

इस दौरान ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने स्वामी जी के चरण दबाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं यात्रियों के परिवारजन भी पुण्य लाभ की भावना से उनके सिर और पैर दबाकर थकान दूर करते नजर आए।ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से 10 सफाई कर्मी, तीन पानी के टैंकर तथा आराजी लाइन ब्लॉक की तरफ से 20 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए राजातालाब पुलिस और पीएसी के जवान लगातार पैदल गश्त करते रहे। खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर सेक्रेटरी ललित कुमार एवं ग्राम पंचायत टीम ने धर्मशालाओं, शौचालयों, बिजली-पानी और पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की।
भोजन के बाद ग्राम प्रधान द्वारा स्वयं जूठे पत्तल उठाकर सफाई करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। विश्राम के बाद श्रद्धालु तीसरे पड़ाव रामेश्वर के लिए रवाना हुए।








