वाराणसी । स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित यह कैंप 18 मई 2026 को लोको डिवीजन के मीटिंग रूम में संपन्न हुआ। कैंप का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला एम. ए. अंसारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला पियूष मिंज के नेतृत्व में किया गया।

कैंप में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पदोन्नति, वेतन, अवकाश, पास तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कार्मिक, लेखा एवं वेतन अनुभाग के अधिकारी और डीलिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे, जिससे एक ही स्थान पर समन्वित समाधान उपलब्ध कराया जा सका।
इस दौरान कुल 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर कर्मचारियों को राहत प्रदान की गई। शेष मामलों के समाधान हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कैंप में कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप यादव सहित अन्य सदस्य एवं कल्याण निरीक्षक भी मौजूद रहे।








