मीरजापुर, 21 मई (सू.) जिले में बुधवार को आयोजित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लेखपाल मुख्य भर्ती परीक्षा-2026 कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए, जिसका सकारात्मक परिणाम दिखाई दिया।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने परीक्षा के दौरान बी.एल.जे. इंटर कॉलेज और माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, जैमर की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल की मजबूत व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम से भी परीक्षा की लगातार निगरानी की।

डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया, “जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कहीं से भी नकल या किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासन द्वारा किए गए पुख्ता इंतजामों का परीक्षा के सुचारु संचालन में साफ असर दिखा।” परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने भी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। सुरक्षा के प्रमुख इंतजाम:प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों एवं जैमर से लाइव मॉनिटरिंग, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी एवं मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलमुक्त कराने के लिए पूरे जिले में अलर्ट मोड पर काम किया, जो सफल रहा। (तस्वीर: माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थी)








