सोनभद्र । पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त अजय मेहता को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विण्ढमगंज संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:20 बजे थाना विण्ढमगंज क्षेत्र के दशरथ मोड़ तिराहा, हरनाकछार से अभियुक्त अजय मेहता पुत्र बृजेश्वर, निवासी ग्राम कटौधी थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
अजय मेहता के विरुद्ध पूर्व से गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे के अलावा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत भी मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त लंबे समय से वांछित चल रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव, हेड कांस्टेबल ऐनुल होदा खा तथा हेड कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









