वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम क्षेत्र के 22 अत्यधिक प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक कार्य शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के नई बस्ती वार्ड में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 103 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवर लाइन एवं पेयजल गृह संयोजन कार्य का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।

परियोजना के तहत नई बस्ती वार्ड में 76 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से करीब 26 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। वहीं 27 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया जाएगा। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की निगरानी में यह परियोजना पूरी होगी।

महापौर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को कुछ समय असुविधा हो सकती है, लेकिन इसका लाभ आने वाले दशकों तक मिलेगा। उन्होंने इसे काशी के लिए स्थायी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।









