मीरजापुर । जिले के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक होटल में निर्यात सम्मेलन का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) और जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों को भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि इस समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए ब्रिटेन का बाजार और अधिक खुल जाएगा। भारतीय निर्यातकों को शुल्क में छूट मिलने से व्यापार बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे। फियो के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह समझौता उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के लिए नए अवसर लेकर आएगा और निवेश, सेवाओं तथा उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मीरजापुर ऐतिहासिक रूप से उद्योग का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय उद्योगों को नई दिशा देने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होंगे।
सहायक महानिदेशक विदेश व्यापार राजन जोशी ने केंद्र सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और जिला निर्यात हब योजना की जानकारी दी। उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने प्रदेश सरकार की निर्यात नीतियों और उद्यमियों को दी जा रही वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग की जानकारी साझा की।
सम्मेलन में 40 से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया। उपस्थित उद्यमियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजन कराने की मांग की।









