वाराणसी । गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) नृपेंद्र कुमार ने बाबतपुर स्थित कार्यालय में जोन के सभी विवेचकों की उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की प्रगति का गहन परीक्षण किया। बैठक में उन्होंने बिना किसी ठोस कारण लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारियों और विवेचकों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।

गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर विशेष जोर
एडीसीपी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक मामले में घटनास्थल का अनिवार्य निरीक्षण, केस डायरी का नियमित अद्यतन तथा ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से एसआईडी (SID) जनरेशन समय पर पूरा करने पर विशेष बल दिया। साथ ही आगामी श्रावण मास को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस
बैठक में एडीसीपी ने अवैध खनन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने यक्ष ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग करने तथा नियमित पैदल गश्त बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए।









