बलिया । जिले में 31 मई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्राध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,900 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा की निगरानी के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास के लिए केवल एक गेट रहेगा और परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बायोमेट्रिक सत्यापन में लगे कर्मचारियों की विशेष जांच के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शेष दो केंद्रों पर अगले दिन तक कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

साथ ही परीक्षार्थियों के मोबाइल, बैग एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कराने तथा खराब मौसम को देखते हुए पावर बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।










