वाराणसी । में भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल का शुक्रवार को उनके आवास पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी जाहिर करते हुए मिठाई बांटी गई। प्रधानमंत्री के आदर्श गांव ककरहिया के पूर्व प्रधान एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाध्यक्ष को बधाई दी।

कार्यकर्ताओं ने राम सकल पटेल के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके अनुभव और संगठन क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। पूर्व प्रधान मनोज सिंह ने कहा कि राम सकल पटेल बूथ स्तर तक संगठन की गहरी समझ रखते हैं और उनके नेतृत्व में वाराणसी में भाजपा और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से 2027 के चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के महामंत्री भानू शंकर पटेल ने कहा कि नए जिलाध्यक्ष के अनुभव का लाभ पिछड़े वर्ग और गांव-गांव तक संगठन को मिलेगा। इस मौके पर प्रमोद पटेल, विपिन पांडेय, आलोक पांडेय समेत कई भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई देकर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।










