Search
Close this search box.

बाबा गणिनाथ सेवाश्रम समिति पर राजू गुप्ता के गंभीर आरोप, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की उठाई मांग

बलिया । शहर में आयोजित एक विशेष मीडिया वार्ता के दौरान समाजसेवी राजू गुप्ता ने श्री बाबा गणिनाथ सेवाश्रम मंदिर एवं छात्रावास निर्माण समिति के कार्यों और संचालन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने समिति के नाम पर चल रहे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

राजू गुप्ता ने कहा कि समाज के लोगों को समिति के कार्यों और आर्थिक गतिविधियों की पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्टता का अभाव है, जिससे समाज के लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना था कि यदि सभी कार्य नियमों और पारदर्शिता के साथ हो रहे हैं, तो समिति को सार्वजनिक रूप से सभी तथ्यों को सामने रखना चाहिए।

मीडिया वार्ता के दौरान उन्होंने कुछ दस्तावेजों और तथ्यों का हवाला देते हुए समिति से जवाब मांगा तथा संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई। इस बयान के बाद सामाजिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, समिति की ओर से आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से सच्चाई सामने आएगी और समाज में व्याप्त शंकाओं का समाधान होगा।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें