राजातालाब । स्थित आदर्श नगर पंचायत गंगापुर कार्यालय परिसर में बुधवार को भव्य लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। चेयरमैन स्नेह लता सेठ की अध्यक्षता तथा प्रतिनिधि संतोष सेठ एवं सत्यम सेठ की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने चेयरमैन स्नेह लता सेठ के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 28 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इन विकास कार्यों में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, सीसी रोड, अंडरग्राउंड जल निकासी व्यवस्था, सभागार का नवीनीकरण, स्टोर रूम निर्माण, तीन स्थानों पर वाटर कूलर स्थापना तथा ओपन जिम जैसे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील पटेल ने नगर पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे कार्य लगातार जारी रहने चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन स्नेह लता सेठ ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। समारोह में आए अतिथियों का स्वागत संतोष सेठ एवं सत्यम सेठ ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सभासद और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।







